1-) Mahaprajaapati Gautami Sangh ki Pahali Bhikshuni स्त्रियों की धम्म-दीक्षा
1. जब सिद्धार्थ कपिलवस्तु लौटे तो शाक्य स्त्रियां भी 'संघ' में प्रविष्ट होने के लिए उतनी ही उत्सुक थी जितने पुरुष।2. ऐसी स्त्रियों की अगुआ स्वयं महाप्रजापति गौतमी थी।
3. जिस समय तथागत शाक्यों के न्यग्रोधाराम में ठहरे हुए थे, महाप्रजापति गौतमी उनके पास पहुंची और बोली- भगवान! यह अच्छा होगा यदि स्त्रियों को भी तथागत के धम्म-विनय के अनुसार प्रव्रजित होने की अनुज्ञा मिलें।
4. गौतमी! रहने दो। ऐसे विचार को मन में उत्पन्न न होने दें। दूसरी और तीसरी बार भी महाप्रजापति गौतमी ने अपनी प्रार्थना दोहराई दूसरी और तीसरी बार भी उसे वही उत्तर मिला।
5. तब महाप्रजापति गौतमी बहुत ही दुःखित हुई, चिंतित हुई। उसने तथागत के सामने सिर झुकाया और आंखों में आंसू लिये, रोती हुई चली गई।
6. जब तथागत न्यग्रोथधाराम से चारिका के लिए निकल पड़े, तो महाप्रजापति गौतमी और दूसरी शाक्य स्त्रियां इकठ्ठी हुई और विचार करने लगी कि तथागत ने उनकी प्रार्थना स्वीकार न करने पर, अब आगे क्या किया जाये?
7. शाक्य स्त्रियों ने सोचा कि वे तथागत के इस इनकार को उनका 'अंतिम निर्णय' नहीं मानेंगी और किसी न किसी तरह तथागत को राजी करेंगी। उन्होंने यह भी निर्णय किया की वे एक कदम आगे जायेंगी और स्वयं 'परिव्राजिका' बनकर तथागत के सामने उपस्थित होंगी।
8. तद्नुसार महाप्रजापति गौतमी ने अपने बाल काटे, काषाय-वस्त्र पहना और दूसरी अनेक स्त्रियों को साथ लिये तथागत से भेंट करने के लिए निकली।
9. धीरे-धीरे अन्य स्त्रियों के साथ महाप्रजापति गौतमी वैशाली के कूटागार-भवन में पहुंची। उस समय उसके पांव सूजे हुए थे और उन पर धूल चढ़ी थी।
10. उसने अपनी वही प्रार्थना, जो उसने उस समय की थी, जब तथागत न्यग्रोधाराम में ठहरे हुए थे, दोहराई और तथागत ने भी फिर उसे पूर्ववत ही अस्वीकार कर दिया।
11. प्रार्थना के दुबारा अस्वीकृत हो जाने से प्रजापति गौतमी बहुत खिन्न हुई और कुटागार के दरवाजे के बाहर जाकर खड़ी हो गई। वह नहीं जानती थी कि अब वह क्या करें? जिस समय वह इस प्रकार खड़ी हुई थी, आनन्द ने कुटागार की ओर जाते समय, उसे देखा और पहचान लिया।
12. उसने महाप्रजापति से प्रश्न किया-- तू यहां इस प्रकार बरामदे के बाहर क्यों खड़ी हैं? तेरे पांव सूजे हैं। उन पर धूल चढ़ी हैं। चेहरा दुःखी हैं। आंखों से आंसू बह रहे हैं। आनन्द! क्योंकि तथागत स्त्रियों को घर से बेघर हो उनके धम्म और विनय के अनुसार प्रव्रजित होने की आज्ञा नहीं देते।
13. तब आनन्द स्थविर वहां गये जहां तथागत थे और तथागत को अभिवादन कर एक ओर बैठ गये। इस प्रकार बैठकर आनन्द ने तथागत से निवेदन किया, भगवान! महाप्रजापति गौतमी बरामदे के बाहर खड़ी हैं। उनके पांव सूजे हैं। उन पर धूल चढ़ी हैं। चेहरा दुःखी हैं। आंखों से आंसू बह रहे हैं। क्योंकि तथागत स्त्रियों को, घर से बेघर हो तथागत के धम्म और विनय के अनुसार, प्रव्रजित होने की आज्ञा नहीं देते। भगवान यह अच्छा हो यदि माहाप्रजापति गौतमी की इच्छा के अनुसार स्त्रियों को भी प्रव्रजित होने की आज्ञा मिल जाये।
14. क्या महाप्रजापति गौतमी ने तथागत की विशेष सेवा नहीं की हैं अब मौसी की हैसियत से, तथागत की माता का शरीरान्त हो जाने पर, वह अपने स्तन से ही तथागत को दुग्ध-पान कराती रही हैं? यह अच्छा होगा, भगवान! यदि स्त्रियों को भी, घर से बेघर हो, तथागत के धम्म और विनय के अनुसार प्रव्रजित होने की अनुज्ञा मिलें।
15. आनन्द! रहने दो। तुम्हें यह न रुचे कि स्त्रियों को भी प्रव्रजित होने की अनुज्ञा मिलें। दूसरी बार और तीसरी बार भी आनंद ने अपनी प्रार्थना दोहराई और दूसरी तरफ तीसरी बार भी आनन्द की प्रार्थना अस्वीकृत ही हुई।
16. तब आनन्द स्थविर ने तथागत से प्रश्न किया- भगवान! आपके द्वारा स्त्रियों को प्रव्रजित न होने देने का क्या कारण हो सकता हैं?
17. भगवान जानते हैं कि ब्राह्मण का यह मत है कि शूद्र और स्त्रियां कभी मोक्ष की नहीं प्राप्त कर सकती क्योंकि वे अपरिशुद्ध होती है और पुरुषों के मुकाबले में निम्न जाति की होती है। इसलिए वे शूद्रों और स्त्रियों को प्रव्रज्या नहीं लेने देतें? तो क्या तथागत की दृष्टि भी ब्राह्मणों के समान ही हैं?
18. क्या तथागत ने ठीक उसी प्रकार शूद्रों को भी संघ में प्रविष्ट नहीं किया है जैसे ब्राह्मणों को? भगवान! स्त्रियों से ही ऐसा भेद-भाव करने का क्या कारण हैं?
19. क्या तथागत का यह मत है कि तथागत के धम्म और विनय के अनुसार चलकर स्त्रियां निर्वाण प्राप्त नहीं कर सकतीं?
20. तथागत बोले- आनन्द! मुझे गलत तौर पर मत समझो। मेरा मत हैं कि पुरुषों की तरह ही स्त्रियां भी निर्वाण प्राप्त कर सकती हैं। आनन्द! मुझे गलत तौर पर मत समझों। मैं पुरुषों को स्त्रियों की अपेक्षा किसी भी तरह विशेष नहीं मानता। महाप्रजापति गौतमी की प्रार्थना को जो मैंने स्वीकार नहीं किया है, वह स्त्रियों को पुरुषों की अपेक्षा हेय समझने के कारण नहीं, बल्कि व्यावहारिक कारणों से ही।
21. भगवान! मैं बड़ा प्रसन्न हूं कि तथागत ने मुझ पर यथार्थ कारण प्रकट कर दिया हैं। लेकिन क्या व्यावहारिक कारणों से महाप्रजापति गौतमी की प्रार्थना सर्वथा अस्वीकृत होनी चाहिये? क्या ऐसा करने से लोग धम्म-विनय में पुरुषों की अपेक्षा स्त्रियों को हेय माना जाता हैं? क्या जिन व्यवहारिक कठिनाइयों की तथागत को चिंता है, उनसे बचने के लिए कुछ नियम नहीं बनाए जा सकते?
22. अच्छा! आनन्द! यदि महाप्रजापति का इतना आग्रह है कि मेरे धम्म-विनय में उन्हें प्रव्रजित होने की अनुमति मिलनी चाहिये, तो मैं इसे स्वीकार करता हूं। लेकिन इसके लिए महाप्रजापति गौतमी को स्त्रियों की ओर से आठ बातें स्वीकार करनी होगी और स्त्रियों से उनका पालन-कराना भी उसकी जिम्मेदारी होगी। यही महाप्रजापति की दीक्षा होगी।
23. तब आनन्द स्थविर ने तथागत से आठ नियमों की जानकारी प्राप्त की और जाकर प्रजापति गौतमी को वह सब बातचीत सुना दी जो तथागत से हुई थी।
24. महाप्रजापति गौतमी बोली- आनन्द! जिस प्रकार अलंकार-प्रिय कोई कुमार या कुमारी, यदि स्नानान्तर उसे कमल के फूलों की, वा चमेली के फूलों की, वा अतिमुक्त की माला दी जाय और वह उसे दोनों हाथों में लेकर सिर पर रखें, उसी प्रकार आनन्द! मैं इन आठों नियमों को अपने सिर पर जीवन-पर्यन्त पालन करने के लिय, धारण करती हूं।
25. तब आनन्द स्थविर तथागत के पास आये और अभिवादन कर एक और बैठ गये। एक और बैठ कर आनन्द स्थविर ने तथागत को कहा-- महाप्रजापति गौतमी ने इन आठों नियमों के पालन कराने की जिम्मेदारी अपने सिर पर ले ली हैं। इसलिए अब यह उसकी उपसंपदा मान ली जाय।
26. अब महाप्रजापति गौतमी ने प्रव्रज्या- उपसम्पदा ग्रहण की और उसके साथ ही उन पांच सौ शाक्य देवियों ने भी जो महाप्रजापति गौतमी के साथ चल कर आई थी। इस प्रकार प्रव्रजित-उपसंपन्न होकर प्रजापति गौतमी तथागत के सामने आई और तथागत को अभिवादन किया। तथागत ने उसे धम्म और विनय की शिक्षा दी।
27. शेष पांच सौ भिक्षुणियों को तथागत ने ही एक शिष्य नन्दक ने धम्म और विनय की शिक्षा दी।
29. महाप्रजापति गौतमी के साथ जिन-शाक्य-देवियों ने प्रव्रज्या ग्रहण की अर्थात भिक्षुणियां बनीं, उनमें यशोधरा भी थी। भिक्षुणी होने पर उसका नाम भद्दा कच्चाना (भद्रा कात्यायन) हुआ।
2. प्रकृति नामक चण्डालिका की धम्म-दीक्षा
1. उस समय भगवान बुद्ध श्रावस्ती के अनाथ-पिण्ड़क के जेतवनाराम में विराज रहे थे।
2. तथागत का शिष्य आनन्द भिक्षार्थ नगर में गया था। भोजनानन्तर आनन्द पानी पीने के लिए नदी की ओर जा रहा था।
3. उसने एक लड़की को देखा जो नदी से घड़े में पानी भर रही थी। आनन्द ने उससे पानी मांगा।
4. लड़की का नाम प्रकृति था। बोली-मैं चाण्डाल कन्या हूं। मैं पानी नहीं दे सकती।
5. आनन्द ने उत्तर दिया- मुझे पानी चाहिये। मुझे तुम्हारी जाति नहीं चाहियें। तब लड़की ने आनन्द को अपने बरतन में कुछ पानी दिया।
6. तब आनन्द जेतवन लौट आये। वह लड़की भी आनन्द के पीछे-पीछे आई और आनन्द के निवास-स्थान का पता लगा लिया। उसने यह भी मालूम कर लिया कि उसका नाम आनन्द हैं और वह बुद्ध शिष्य हैं।
7. घर लौट कर उसने अपनी मां मातंगी से सारा वृत्तान्त कहा और जमीन पर लेट कर रोने लगी।
8. मां ने रोने का कारण पूछा। लड़की बोली-- यदि तुम मेरा विवाह करना चाहती हो, तो मैं केवल आनन्द से करूंगी, मैं किसी अन्य से नहीं करूंगी।
9. माता ने पता लगाया। लौट कर लड़की से बोली-- विवाह असम्भव हैं। क्योंकि आनन्द ने ब्रह्माचर्य-व्रत ग्रहण कर रखा हैं।
10. यह बात सुनी तो लड़की बहुत दुःखी हुई। उसने खाना-पीना छोड़ दिया। वह इसे भाग्य-रेखा स्वीकार करने को तैयार न थी। इसलिये उसने कहा -- मां! तुम जादू-टोणा जानती हो। क्यों नहीं? तो तुम इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए क्यों
जादू-टोणा नहीं करती? मां बोली -- मैं देखूंगी कि क्या हो सकता हैं।
11. मातंगी ने आनन्द को भोजन के लिए निमंत्रण दिया। लड़की बहुत प्रसन्न हुई। मातंगी ने तब आनन्द को कहा कि उसकी लड़की उससे शादी करने के लिए अत्यंत व्याकूल हैं। आनन्द ने उत्तर दिया-- मैं ब्रह्मचर्य-व्रत ग्रहण कर चुका हूं। मैं किसी भी स्त्री से विवाह नहीं कर सकता।
12. मातंगी बोली-- यदि तुम मेरी लड़की से विवाह नहीं करते, तो वह आत्महत्या कर लेगी। उसकी तुम्हारी प्रति इतनी अधिक आसक्ति है। आनन्द का उत्तर था-- मैं असमर्थ हूं।
13. मांतगी घर में गई और लड़की से कहा कि आनन्द तो विवाह से इंकार करता हैं।
14. लड़की चिल्लाई-- मां! तुम्हारा मन्तर-जन्तर कहां गया? मातंगी बोली- मेरा मन्तर-जन्तर तथागत के मन्तर-जन्तर के विरुद्ध असर नहीं करता।
15. लड़की चिल्लाई-- मां! दरवाजा बंद कर दे। उसे बाहर न जाने दे। मैं देखूंगी कि आज ही रात को मुझे पत्नी रूप में कैसे नहीं ग्रहण करता?
16. मां ने वैसा ही किया, जैसा लड़की चाहती थी। रात होने पर मां ने कमरे में बिस्तर लगा दिया। लड़की ने अपने आप को अच्छी से अच्छी तरह अलंकृत किया और अंदर आई। आनन्द पर इसका कुछ प्रभाव नहीं पड़ा।
17. अंत में मां ने अपने जादू-टोने का प्रयोग किया। परिणाम-स्वरुप कमरे में आग जल उठी। मां ने आनन्द के कपड़ों को पकड़ा और बोली-- यदि तुम अब भी मेरी लड़की से विवाह करना स्वीकार नहीं करते तो मैं तुम्हें आग में झोंक दूंगी? तब भी आनन्द झुका नहीं। मां और लड़की दोनों को हार माननी पड़ी। उन्होंने आनंद को स्वतंत्र कर दिया।
18. वापिस लौटकर आनन्द ने सारी आप-बीती तथागत को कह सुनाई।
Read More: Daakoo Angulimaal Aur Mahaatma Buddh
20. जब आनन्द लौटा तो उसने देखा कि लड़की जेतवन बिहार के दरवाजे पर खड़ी उसकी परीक्षा कर रही हैं।
21. आनंद ने तथागत से कहा कि किसी प्रकार वह लड़की उसका पीछा नहीं छोड़ती हैं। तथागत ने उसे बुलावा भेजा।
22. जब लड़की सामने आई तो तथागत ने प्रश्न किया-- तू आनन्द का पीछा किसलिये कर रही हैं? लड़की का उत्तर था कि वह उससे विवाह करके रहेंगी। बोली-- मैंने सुना है कि अविवाहित हैं। मैं भी अविवाहित हूं।
23. भगवान बुद्ध बोले-- आनन्द! भिक्षु हैं। उसके सिर पर बाल नहीं हैं। यदि तुम भी उसी की तरह मुण्ड़न करा लो तो मैं देखूंगा कि कुछ हो सकता हैं।
24. लड़की बोली- मैं इसके लिए तैयार हूं। भगवान बुद्ध ने कहा मुण्ड़न कराने से पूर्व तुम्हें अपनी मां की अनुमति लेनी होगी।
25. लड़की मां के पास आई और बोली-- मां! जो तुम नहीं कर सकी, वह मैं कर सकी हूं। भगवान बुद्ध ने वचन दिया हैं कि यदि मैं मुण्ड़न करा लूं तो वह आनंद से विवाह करा देंगे।
26. मां क्रुद्ध होकर बोली-- तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। तुम मेरी लड़की हो और तुम्हें बाल रखने चाहिए। तुम आनन्द जैसे श्रमण से शादी करने के लिए इतना क्यों तड़पाती हो? मैं किसी अच्छे आदमी से तुम्हारा शादी करा दूंगी।
27. उसका उत्तर था-- या तो मैं आनन्द से शादी करूंगी, या मर जाऊंगी। तीसरी बात होने को ही नहीं हैं।
28. मां बोली-- तुम मेरा अपमान क्यों कर रही हो? लड़की बोली- यदि मैं तुम्हें प्रिय हूं तो जैसा मैं चाहूं वैसा मुझे करने दो।
29. मां ने अपना विरोध वापस ले लिया और लड़की ने मुण्ड़न करा लिया।
30. तब लड़की तथागत के सामने उपस्थित हुई। बोली- आपके आदेश के अनुसार मैंने अपना मुण्ड़न करा लिया हैं।
31. तथागत ने कहा-- आखिर तू चाहती क्या हैं? उसके शरीर का कौन सा हिस्सा है जिससे तुझे प्रेम हैं? लड़की बोली-- मैं उसकी नाक से प्यार करती हूं। मैं उसके मुंह से प्यार करती हूं। मैं उसके कानों से प्यार करती हूं। मैं उसके आवाज से प्यार करती हूं। मैं उसकी आंखों से प्यार करती हूं। मैं उसकी चाल से प्यार करती हूं।
32. तब तथागत बोले-- क्या तुम जानती हो कि आंखें आंसुओं का अड्डा मात्र हैं। नाक सीढ़ का घर हैं। मुंह में थूक ही भरा रहता हैं। कानों में मैल होता हैं और शरीर मल-मूत्र का खजाना मात्र हैं।
33. जब स्त्री-पुरूष सहवास करते हैं बच्चों को जन्म देते हैं। जहां जन्म हैं, वहीं मृत्यु भी हैं। जहां मृत्यु है वहीं दुःख भी हैं। लड़की! मैं नहीं जानता कि आनन्द से शादी करके तू क्या पायेगी?
34. लड़की गंभीरतापूर्वक सोचने लगी और इस परिणाम पर पहुंची कि आनन्द से शादी करना बेकार हैं, जिसके लिये वह मरी जा रही थी। उसने अपना यह मत तथागत प्रकट कर दिया।
35. तथागत को अभिवादन कर लड़की बोली- अज्ञान के वशीभुत होकर ही मैं आनन्द के पीछे लगी थी। अब मेरी आंखें खुल गई हैं। मैं उस नाविक की तरह हूं जिसकी नौका का एक दुर्घटना के बाद दूसरे किनारे जा लगी हैं। मैं एक आरक्षित वृद्ध पुरुष की तरह हूं जिसे सुरक्षा मिल गई हैं। मैं उस अन्धे पुरुष की तरह हूं जिसे दृष्टि प्राप्त हो गई हैं। तथागत के ज्ञानामृत से
ने मेरी निद्रा भंग कर दी है।
36. भाग्यवान है हे प्रकृति! यद्यपि तू चाण्ड़ाल-कन्या है किंतु तू श्रेष्ठ पुरुषों और स्त्रियों के लिये आदर्श का काम देगी। तू 'नीच' जाति की है सही, लेकिन ब्राह्मण तुझसे शिक्षा ग्रहण करेंगे। न्याय तथा धम्म के पथ से विचलित न होना। तेरी कीर्ति राज-सिंहासन पर बैठी हुई रानियों की कीर्ति से बढ़ जायेगी।
37. शादी की बात जाती रही तो अब उसके सामने 'भिक्षुणी-संघ' में प्रविष्ट होने के अतिरिक्त दूसरा मार्ग न था।
38. उसने इच्छा प्रकट की तो वह भिक्षुणी-संघ में ले ली गई। यूं निस्सन्देह वह 'नीचतम' जाति की थी।