Gautam Buddha Teaching Story | बुद्ध तथा उनके समकालीन
1) Buddh ki Pramukh Shikshaen उनके समकालीन
1. जिस समय गौतम ने प्रव्रज्या ली, देश में बड़ी मानसिक उथल-पुथल मची हुई थी। ब्राह्मणी-दर्शन के अतिरिक्त कोई बासठ दार्शनिक मत और थे। ये सभी ब्राह्मणी-दर्शन के विरोधी थे। उनमें से कम से कम छः ध्यान देने योग्य थे।
2. इन दार्शनिक-परंपराओं में से एक के मुखिया का नाम पूर्ण-काश्यप था। उसका मत अक्रिया-वाद कहलाता था। उसकी स्थापना थे कि 'कर्म' का 'आत्मा' पर किसी भी तरह से कोई प्रभाव नहीं पड़ता। चाहे कोई किसी काम को करे, चाहे कराये। चाहे कोई किसी को स्वयं मार डा़ले, चाहे मरवाये। चाहे कोई स्वयं चोरी करें और डा़का डा़ले, चाहे किसी से करवाये। चाहे कोई स्वयं झूठ बोले, चाहे किसी से बुलवाये। 'आत्मा' पर किसी बात का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। कोई कार्य कितना भी जघन्य हो 'आत्मा' को पाप से लिप्त नहीं करता। कोई कार्य कितना भी अच्छा हो 'आत्मा' को पुण्य से युक्त नहीं करता। आत्मा पर कोई 'क्रिया' ही नहीं होती। जब आदमी मरता है तो उसके शरीर के सभी तत्व उन मूल तत्वों से जा मिलते हैं, जिनसे उसका शरीर बना है। मरने के बाद कुछ नहीं बचता, न शरीर और न आत्मा।
3. एक दूसरी विचार-धारा का नाम था नियति-वाद। इसके मुख्य उपदेशक का नाम था मक्खली गोसाल। उसका मत एक प्रकार का 'पूर्व निश्चयावाद' था। उसका मत था कि न कोई कुछ कर सकता है और न होने से रोक ही सकता है। घटनाये घटती हैं। कोई स्वेच्छा से उन घटनाओं को घटा नहीं सकता है। न कोई दुःख को दूर कर सकता है और न कोई उसे घटा-बढ़ा सकता है। आदमी पर, संसार में जो कुछ बीतने को है, वह बीत कर रहता है।
4. तीसरा मत उच्छेदवाद कहलाता था। इसका मुख्य उपदेशक अजीत केस कम्बल था। उसका मत एक प्रकार का संपूर्ण-नाशवाद था। उसकी शिक्षा थी कि सभी यज्ञ और होम बेकार हैं। कर्मों के कोई ऐसे फल नहीं होते जिन्हें 'आत्मा' भोग सके वा उसे भुगतने पड़े। न कहीं कोई 'स्वर्ग' है और न 'नरक'। आदमी का निर्माण दुःख के कुछ तत्वों से हुआ है। 'आत्मा' उस से बच नहीं सकता। संसार में जितना भी कष्ट है, जितना भी दुःख है, 'आत्मा' का उससे कहीं किसी तरह त्राण नहीं। यही कष्ट या दुःख स्वयं अनायास समाप्त हो जायेगा। 'आत्मा' की 8400000 योनियां धारण करनी पड़ेगी। तभी 'आत्मा' के कष्टों और दुःख का अवसान होगा, इससे पहले किसी तरह नहीं।
5. चौथा मत अन्योन्य-बाद कहलाता था। इस मत के मुखिया का नाम पकुध कच्चायन था। उसका उपदेश था कि सात तत्वों से प्राणी का निर्माण होता है- पृथ्वी, जल, तेज, वायु, सुख, दुःख तथा आत्मा। प्रत्येक तत्व एक दूसरे से स्वतंत्र हैं। एक का दूसरे पर प्रभाव नहीं पड़ता। वे अपने में संपूर्ण हैं और वे सभी नित्य हैं। उनका किसी भी तरह नाश हो ही नहीं सकता। यदि कोई आदमी किसी का सिर काट दे तो यह कोई 'मारना' नहीं होता। यह तो इतना ही है कि शास्त्र सात तत्वों में प्रवेश कर गया है।
6. सञ्जयबेलट्ठिपुत्र का अपना ही एक निजी दार्शनिक मत था। यह 'विक्षेप-वाद' कहलाता था। यह अंतिम दर्जे का संदेह-वाद था। उसका तर्क था, यदि कोई मुझे पूछे कि स्वर्ग है, और यदि मुझे लगे कि है तो मैं कहूंगा हां हैं। यदि मुझे लगे कि स्वर्ग नहीं है तो मैं कहूंगा कि नहीं हैं। यदि कोई मुझे पूछे कि क्या आदमी बनाये जाते हैं, क्या आदमी को अच्छे-बुरे कर्मों का फल भोगना पड़ता है, क्या मृत्यु के अनंतर 'आत्मा' रहती है, मैं इन सब का नकारात्मक उत्तर दूंगा, क्योंकि मैं नहीं समझता कि ये है। कुछ कुछ इसी प्रकार संजय का तर्क चलता था।
7. छटा दार्शनिक मत चातुर्यामंसवर-वाद कहलाता था। इस मत के संस्थापक या मुख्याचाय्र्य उस समय जीवित थे, जब गौतम प्रकाश की खोज में सलंग्न थे। आचार्य का नाम महावीर था, वह जो निगण्ठनाथ पुत्त कहलाते थे। महावीर का शिक्षण था कि 'आत्मा' को अपने पूर्व-जन्मों के कर्म तथा इस जन्म के कर्मों के परिणाम स्वरुप ही 'पुनर्जन्म' ग्रहण करना पड़ता है। इसलिए उसका कहना था कि तपश्चर्या के द्वारा पूर्वकर्मों का नाश कर डालना चाहिये। बुरे कर्मों का होना रोकने के लिए महावीर ने चातुर्याम धर्म का उपदेश दिया अर्थात चार नियमों के पालन करने का-
1) हिंसा न करना, 2) चोरी न करना,
3) झूठ नहीं बोलना, 4) अपरिग्रह रखना और ब्रह्मचय्र्य व्रत का पालन करना।
2. अपने समकालानों के प्रति उनका विचार
1. बुद्ध ने इन नये दार्शनिकों के मत को स्वीकार नहीं किया।
2. बुद्ध का उनकी शिक्षाओं को अस्वीकार करना सकारण था।
3. यदि पूर्ण कश्यप या पकुध कच्चायान के सिद्धांतों को सत्य माना जाय तो फिर आदमी कोई भी बुराई कर सकता है, किसी को भी हानि पहुंचा सकता है; बिना किसी भी तरह की सामाजिक जिम्मेदारी स्वीकार किये या बिना किसी भी तरह के सामाजिक परिणाम का विचार किये एक आदमी दूसरे की हत्या भी कर सकता हैं।
4. यदि मक्खली गोसाल का सिद्धांत ठीक मान लिया जाय तो आदमी भाग्य के हाथ का खिलौना बन जाता है। आदमी किसी भी तरह अपने बंधनों को नहीं काट सकता।
5. यदि अजित केस कंबल का सिद्धांत ठीक माना जाये जो आदमी के लिए खाने, पीने और मौज उड़ाने के अतिरिक्त शेष कुछ करने के लिए रह ही नहीं जाता।
6. यदि सञ्जय बेलट्ठिपुत्त का सिद्धांत सही हो तो फिर पानी पर यूं ही बहते रहने की, तरह आदमी का जीवन निरुद्देश हो जाएगा।
7. यदि निगण्ठनाथपुत्त का सिद्धांत सही हो तो आदमी का जीवन कायक्लेश तथा तपश्चर्या के आधीन हो जायेगा- आदमी की इच्छाओं और स्वाभाविक प्रवृत्तियों का सर्वथा मूलोच्छेद।
8. इसलिए उन दार्शनिकों का कोई एक भी मत बुद्ध को अच्छा नहीं लगा। उनको ऐसा लगा कि ये सब ऐसे आदमियों के ही विचार थे जो या तो निराशावादी थे, या असहाय थे या किसी भी भले-बुरे परिणाम की ओर से सर्वथा उदासीन थे। इसलिए उन्होंने अन्यत्र ही कहीं से प्रकाश पाने की आशा रखी।